पुतला दहन के दौरान फायर ब्रिगेड के गंदे पानी से भड़के कार्यकर्ता, थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग

बैतूल/सारणी। राष्ट्रीय स्तर पर सामने आए पेपर लीक मामलों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले शुक्रवार को सारणी के जय स्तंभ चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। मूसलाधार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला कांग्रेस कार्यकर्ता और युवा कार्यकर्ता आंदोलन में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुतला दहन के दौरान उस समय माहौल और गर्मा गया, जब नगर पालिका के फायर ब्रिगेड वाहन से निकले गंदे पानी को लेकर प्रदर्शनकारियों ने नाराजगी जताई। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि फायर ब्रिगेड कर्मियों ने प्रदर्शन समाप्त कराने के दौरान गंदा पानी फेंका, जिससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।
घटना से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता सीधे सारणी थाने पहुंचे और फायर ब्रिगेड कर्मियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। नेताओं का कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से किए जा रहे आंदोलन के दौरान इस तरह का व्यवहार पूरी तरह अनुचित है और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और जवाबदेही तय करने की मांग की। ज्ञापन में प्रमुख मांगें इस प्रकार रहीं—नीट सहित सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों को कठोर दंड दिया जाए। भविष्य में किसी भी परीक्षा में पेपर लीक रोकने के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और मजबूत परीक्षा प्रणाली लागू की जाए। परीक्षा एवं परिणाम से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए स्वतंत्र और प्रभावी तंत्र स्थापित किया जाए। परीक्षा व्यवस्था में हुई गंभीर चूक की नैतिक जिम्मेदारी तय की जाए। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने देश के करोड़ों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा दिया है। यदि सरकार शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाती है तो कांग्रेस आगामी दिनों में जनआंदोलन को और तेज करेगी।

इस आंदोलन में गौतम नागले, भूषण कांति, वर्षा पवार, अनीता बेलवंशी, रेखा भलावी, मिलिंद थोरात, लक्ष्मी गोहे, रौनक सिंह, प्रकाश मालवीय, राजेश, चेतन, गोविंद एरुलु, विष्णु भारती, विशाल बेले, सुनील भलावी, संदीप मस्की एवं कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

