window.dataLayer = window.dataLayer || []; function gtag(){dataLayer.push(arguments);} gtag('js', new Date()); gtag('config', 'G-VQJRB3319M'); दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से 25 हजार की लूट, हमदर्द बनकर आए शातिर, मिनटों में पार कर दी जिंदगी भर की कमाई - MPCG News

दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से 25 हजार की लूट, हमदर्द बनकर आए शातिर, मिनटों में पार कर दी जिंदगी भर की कमाई

रेकी का बड़ा खेल, पति की मौत का झांसा देकर रची साजिश, सुनसान में ले जाकर लूट की वारदात

बैतूल/सारनी। इलाके में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण खैरवानी में सामने आया है, जहां दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर शातिर बदमाशों ने 25 हजार रुपए लूट लिए। यह घटना न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि अपराधी अब लोगों की भावनाओं का सहारा लेकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
घटना सोमवार दोपहर करीब 11:30 बजे की है। 55 वर्षीय कमलाबाई सेंट्रल बैंक से अपनी गाढ़ी कमाई के 25 हजार रुपए निकालकर घर लौट रही थीं। उन्हें क्या पता था कि कोई पहले से उनकी हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है। जैसे ही वह शिव मंदिर रोड पर पहुंचीं, बाइक सवार दो युवक उनके पास आए और बातचीत का सिलसिला शुरू किया।

पति के नाम पैसा आया है, इसी झांसे में फंसी महिला

बदमाशों ने बेहद आत्मविश्वास के साथ महिला से कहा कि उनके पति के नाम से नगर पालिका में पैसा आया हुआ है, जिसे लेने के लिए फॉर्म भरना जरूरी है। उन्होंने इतनी सफाई से बात की कि महिला को उन पर शक नहीं हुआ। बल्कि बदमाशों ने गांव के सरपंच और सचिव के नाम तक लेकर विश्वास और मजबूत कर दिया।
महिला उनके झांसे में आ गई और फॉर्म भरने के बहाने उनकी बाइक पर बैठ गई। आरोपी उसे वार्ड नंबर 3 स्थित आरएसएस ग्राउंड के पास एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां पहुंचते ही उनका असली चेहरा सामने आ गया।

सुनसान जगह पर पहुंचते ही बदला खेल, झपट्टा मारकर थैली छीनी

जैसे ही मौका मिला, दोनों युवकों ने महिला के हाथ से वह थैली छीन ली जिसमें 25 हजार रुपए रखे हुए थे। अचानक हुई इस घटना से महिला सन्न रह गई और मदद के लिए चीखने लगी, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे। लूट को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में भागने का रास्ता चुना। वे पावर जनरेटिंग कंपनी के ब्लॉक में घुसे और वहां से पीछे के रास्ते होते हुए मुख्य सड़क पर निकल गए, जिससे उनका पीछा करना मुश्किल हो गया।

रेकी का बड़ा शक, हर जानकारी पहले से थी बदमाशों के पास

इस पूरी वारदात में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बदमाशों को महिला के बारे में पूरी जानकारी थी—उनका नाम, उनके पति की मृत्यु और बैंक से पैसे निकालने तक की जानकारी। इससे यह आशंका गहराती जा रही है कि इस लूट के पीछे किसी करीबी या जानकार का हाथ हो सकता है, जिसने बदमाशों को पूरी जानकारी दी।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाल रही टीमें

पीड़ित महिला ने सारनी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
थाना प्रभारी जयपाल इवनाती ने बताया कि शिकायत के आधार पर मौके का निरीक्षण किया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

गुगल फाइल फोटो

Related posts

छिंदवाड़ा: मृत शिशु को जन्म देनी वाली बिन ब्याही मां बनी नाबालिक की छिंदवाड़ा के अस्पताल में हुई मौत

MPCG NEWS

ब्रेकिंग: इंदौर में अमोनिया गैस लीक से हड़कंप, कबाड़ी की लापरवाही से कई लोग अस्पताल में भर्ती

MPCG NEWS

सारणी: संत फ्रांसिस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में क्रिसमस पर्व मनाया गया

MPCG NEWS

Leave a Comment