5 दिन से सफेद पानी, शिकायत के बाद भी प्रशासन गायब, देखिए किसने क्या कहा

बैतूल/घोड़ाडोंगरी। क्या किसी की जान की कीमत इतनी सस्ती हो गई है कि प्रशासन सब कुछ जानकर भी आंखें मूंद ले? बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी विकासखंड अंतर्गत देशावाड़ी पंचायत के माली शिलपटी गांव से एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। गांव का मुख्य पेयजल स्रोत—एकमात्र हैंडपंप—पिछले पांच दिनों से संदिग्ध और दूषित पानी उगल रहा है। ग्रामीणों को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने इसमें कीटनाशक मिला दिया है।
जहर की आशंका, ग्रामीणों ने लगाई प्रशासन से मदद की गुहार
ग्रामीणों के अनुसार हैंडपंप से लगातार सफेद रंग का पानी निकल रहा था। जब लोगों को शंका हुई तो आसपास तलाश की गई। हैंडपंप के पास कीटनाशक दवा की खाली पुड़ियां पड़ी मिलीं, जिससे पानी में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की आशंका और गहरा गई। यह हैंडपंप गांव का प्रमुख और एकमात्र पेयजल स्रोत है। ऐसे में ग्रामीणों में भय का माहौल है कि कहीं कोई बड़ी जनहानि न हो जाए।
ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता, प्रशासन नदारद
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ग्रामीणों ने तत्काल हैंडपंप की चेन निकालकर उसे बंद कर दिया, ताकि कोई भी व्यक्ति या मवेशी गलती से भी दूषित पानी का सेवन न कर सके।
घटना की सूचना सरपंच, जनपद सदस्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग, थाना शाहपुर और एसडीएम शाहपुर को दी गई। बावजूद इसके, कई दिन बीत जाने के बाद भी पानी का सैंपल लेने या जांच करने कोई जिम्मेदार अधिकारी गांव नहीं पहुंचा।
आक्रोशित ग्रामीणों की चेतावनी
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही पानी की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई और वैकल्पिक शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे। उनका आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही से सैकड़ों लोगों की जान खतरे में है।
अब सवाल यही है—क्या प्रशासन किसी अनहोनी का इंतज़ार कर रहा है, या समय रहते इस गंभीर मामले में ठोस कार्रवाई करेगा ?
इनका कहना है –
(1) हमें सूचना मिली थी कि हैंडपंप में किसी ने जहरीला पदार्थ मिला दिया है। मौके पर पहुंचकर हैंडपंप की चेन निकलवाकर उसे बंद करवा दिया गया है। संबंधित विभागों को सूचना दे दी गई है, लेकिन अब तक कोई जांच अधिकारी नहीं पहुंचा।
कमल धुर्वे, सरपंच, देशावाड़ी पंचायत
(2) गांव का यह एकमात्र प्रमुख हैंडपंप है। हमने विभाग से पानी खाली करवाकर हैंडपंप को दोबारा चालू करने का अनुरोध किया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
श्रीमती कपूरिया रामदीन हेनोते, जनपद सदस्य, जनपद पंचायत शाहपुर
(3) मामला मेरे संज्ञान में नहीं था। अब जानकारी मिली है, जल्द ही जांच करवाई जाएगी।
प्रपंज आर, एसडीएम शाहपुर

