भोपाल/राजगढ़। राठौर जर्नलिस्ट एसोसिएशन (RJA) का वार्षिक अधिवेशन एवं निर्वाचन शनिवार, 28 फरवरी को जीरापुर स्थित होटल देव में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संगठन के तीनों राष्ट्रीय पदों पर सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचन किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत वरिष्ठ पत्रकार मनीष राठौर (जीरापुर) को राष्ट्रीय अध्यक्ष, वीपी सिंह राठौर (भोपाल) को राष्ट्रीय सचिव तथा धर्मेंद्र राठौर (हरदा) को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष चुना गया।

सर्वसम्मति से हुआ निर्वाचन
निर्वाचन की प्रक्रिया चुनाव अधिकारी वरिष्ठ समाजसेवी श्रीपाल राठौर एवं पर्यवेक्षक चिंतामन राठौर की देखरेख में संपन्न हुई। तीनों पदों के लिए प्राप्त प्रस्तावों पर उपस्थित सदस्यों ने तालियों के साथ समर्थन देकर निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। इसके पश्चात नव निर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
तीन वर्षों की गतिविधियों का प्रस्तुतिकरण
अधिवेशन के दौरान राष्ट्रीय सचिव वीपी सिंह राठौर ने विगत तीन वर्षों में संगठन द्वारा किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। प्रमुख गतिविधियां इस प्रकार रहीं—
भोपाल में एकजुटता अभियान: राष्ट्रीय, प्रांतीय एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर समाज की एकजुटता पर कार्य।
पर्यावरण संरक्षण: भोपाल के हथाईखेड़ा परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम, जो आज वृक्षों के रूप में विकसित हो चुका है।
राजनीतिक भागीदारी: देवास में कार्यक्रम आयोजित कर समाज की राजनीति में भागीदारी बढ़ाने की पहल; प्रदेश स्तरीय नेताओं को ज्ञापन सौंपकर विधानसभा चुनाव में प्रतिनिधित्व की मांग।
शैक्षणिक सम्मान: इंदौर में मेरिट सूची में आए विद्यार्थियों का सम्मान एवं ‘करियर गाइड डिजिटल प्लेटफॉर्म’ का शुभारंभ।
राष्ट्रीय व प्रांतीय समन्वय: विभिन्न स्तरों पर पत्राचार कर संगठनात्मक एकजुटता मजबूत करने का प्रयास।
सामाजिक सहयोग:
- ग्वालियर में दिवंगत पत्रकार के परिवार को आर्थिक सहायता एवं पत्नी को नौकरी दिलाने में सहयोग।
- गंजबासौदा में वीर दुर्गादास की प्रतिमा स्थापना में सक्रिय भूमिका।
- ग्वालियर निवासी जीतू राठौर के ट्रेन हादसे में घायल होने पर आर्थिक सहयोग अभियान।
- हरदा-नेमावर सड़क दुर्घटना एवं बिजली दुर्घटना पीड़ित परिवारों को प्रशासनिक दबाव बनाकर सहायता दिलाना।

आय-व्यय का पारदर्शी लेखा-जोखा
कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र राठौर के दुर्घटना में घायल होने के कारण उनकी अनुपस्थिति में सचिव वीपी सिंह राठौर ने वित्तीय विवरण प्रस्तुत किया—
- पिछले तीन वर्षों में सदस्यता शुल्क एवं बैंक ब्याज से कुल आय: ₹66,982
- स्टेशनरी पर कुल व्यय: ₹8,532
- वर्तमान बैंक बैलेंस: ₹58,450
- सभी लेनदेन ऑनलाइन एवं चेक के माध्यम से; नगद लेनदेन नहीं।
- भोपाल, इंदौर एवं देवास के कार्यक्रमों का व्यय स्थानीय समाजसेवियों द्वारा वहन।
आय-व्यय विवरण को अधिवेशन में उपस्थित सदस्यों ने ध्वनिमत से पारित किया।

महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित
अधिवेशन में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया कि संगठन में निर्वाचित पदाधिकारी केवल पत्रकार एवं मीडिया से जुड़े व्यक्ति ही होंगे। गैर-पत्रकार निर्वाचन प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकेंगे।
कार्यक्रम के अंत में नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सक्रिय, पारदर्शी एवं समाजहितैषी बनाने का संकल्प दोहराया।

