प्रेमिका से मिलने उसके जीजा के घर गया था उज्जैन, युवती की बड़ी बहन से बोला बात नहीं कर रही
सारणी। उज्जैन की बंगाली कॉलोनी में शनिवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बैतूल जिले के सारणी निवासी एक युवक ने अपनी महिला मित्र के घर में घुसकर खुद को गोली मार ली। घटना के बाद इलाके में भारी हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान सारणी के वार्ड क्रमांक-01 निवासी निखिल आहाके (पिता राजू आहाके) उम्र 23 वर्ष, के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

सालों पुराना था प्रेम-प्रसंग, परिजनों को था ऐतराज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है। मृतक निखिल और विनय गायनी की साली (महिला मित्र) सारणी में एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। दोनों के बीच पिछले कई सालों से प्रेम संबंध में थे। हालांकि, यह रिश्ता विनय गायनी के ससुराल वालों (लड़की के परिजनों) को खटक रहा था। परिजनों की इसी नाराजगी के चलते कुछ समय पहले ही लड़की को सारणी से उज्जैन भेज दिया गया था। प्रेमिका के दूर जाने के बाद से ही निखिल बेहद परेशान और तनाव में चल रहा था।

शाम 6 बजे घर में घुसा, बंधक बनाकर उठाया खौफनाक कदम
शनिवार शाम करीब 6 बजे निखिल अपनी एक्टिवा से सीधे उज्जैन की बंगाली कॉलोनी स्थित अपनी प्रेमिका के घर जा पहुंचा। बताया जा रहा है कि उस वक्त घर में विनय गायनी की पत्नी, उनकी साली (निखिल की प्रेमिका) और एक बच्चा मौजूद थे। विनय गायनी की पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि निखिल ने घर में घुसते ही कहा, “आपकी बहन मुझसे बात नहीं कर रही है, उससे कहो कि मुझसे बात करे।”
जब लड़की ने अपनी बहन से निखिल को वापस भेजने के लिए कहा, तो निखिल का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने विनय की पत्नी और बच्चे को एक कमरे में बंद कर दिया और खुद घर के ड्राइंग रूम में चला गया। इसके कुछ ही देर बाद अंदर से गोली चलने की जोरदार आवाज आई।

अस्पताल में घोषित किया गया मृत, जांच में जुटी पुलिस
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और परिजनों के साथ मिलकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। खून से लथपथ निखिल को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से हथियार जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि निखिल के पास यह हथियार कहां से आया।

“कल का स्टेटस देख लेना…” – खौफनाक कदम का पूर्व संकेत ?
इस मामले में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि 27 फरवरी को विनय गायनी बैतूल में अपनी बहन से मिलने गए हुए थे। इसी दौरान फोन पर बातचीत में दोस्तों से “कल का स्टेटस देख लेना” जैसी चेतावनी भरी बात कही गई थी। यह वाक्य इस बात का संकेत दे रहा है कि इस खौफनाक कदम की पटकथा पहले ही लिखी जा चुकी थी।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से इस हाई-प्रोफाइल और संवेदनशील मामले की जांच कर रही है। सारणी से लेकर उज्जैन तक इस घटना की चर्चा जोरों पर है।

